काठमांडू: नेपाल के आव्रजन विभाग ने ऊंचाई वाले और हिमालयी क्षेत्रों में प्रतिबंधित इलाकों के लिए ट्रेकिंग परमिट जारी करना अस्थायी रूप से रोक दिया है. यह रोक 29 से 31 अक्टूबर तक लागू रहेगी. अधिकारियों ने भारी बर्फबारी, बर्फीले तूफान और हिमस्खलन के बढ़े जोखिम को इसका कारण बताया है.
राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने पर्यटकों और ट्रेकर्स से इन तीन दिनों के दौरान प्रभावित क्षेत्रों की यात्रा से बचने की अपील की है. जो ट्रेकर्स पहले से इन इलाकों में मौजूद हैं, उन्हें मौसम में सुधार होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
नेपाल मौसम विभाग के विशेष पोस्ट-मानसून बुलेटिन के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में चक्रवात ‘अर्नब’ मजबूत हो रहा है. इसके प्रभाव से नेपाल के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाओं और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की आशंका जताई गई है. ट्रेकिंग एजेंसियों को ऊंचाई वाले गंतव्यों और दर्रों की यात्राएं स्थगित करने तथा जरूरत पड़ने पर बेस कैंप से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने को कहा गया है.
