नेपाल के मनांग जिले में हिमलुंग हिमाल के बेस कैंप में हुए हिमस्खलन से मरने वालों की संख्या 15 हो गई है. बचाव दल ने गुरुवार को आठ और शव बरामद किए, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है.
7,126 मीटर ऊंची चोटी के नार-फू क्षेत्र में 27 सितंबर को हिमस्खलन आया था. इसकी चपेट में बेस कैंप में ठहरे पर्वतारोहण सहयोगी कर्मचारियों और गाइडों के तंबू दब गए थे. शुरुआती जानकारी के अनुसार, वहां पर्वतारोहण अभियान की तैयारी कर रहे नेपाली कर्मचारी मौजूद थे.
नेपाल नेशनल माउंटेन गाइड एसोसिएशन की अगुवाई में खोज और बचाव अभियान जारी है. अभियान में अनुभवी पर्वतीय गाइड और स्थानीय बचावकर्मी शामिल हैं. लगातार बारिश, बर्फबारी और कठिन भू-भाग के कारण राहत कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है.
बचाव दल ने रविवार और सोमवार को दो-दो तथा बुधवार को तीन शव बरामद किए थे. गुरुवार को मिले आठ शवों के बाद कुल बरामद शवों की संख्या 15 हो गई. अधिकारियों के अनुसार, लापता व्यक्ति की तलाश मौसम और सुरक्षा परिस्थितियों के अनुसार जारी रखी जाएगी.
