नेपाल सरकार ने अगस्त में त्रिशूली-भोटेकोशी नदी तंत्र में आई अचानक बाढ़ के बाद लापता 213 भारतीय नागरिकों को औपचारिक रूप से मृत घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. नेपाल की राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण ने लापता भारतीय नागरिकों की सूची अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित की है.

प्राधिकरण ने परिवारों और संबंधित लोगों से सूची में नाम जोड़ने, हटाने या किसी अन्य संशोधन को लेकर आपत्तियां और सुझाव मांगे हैं. भारतीय दूतावास के अनुसार, परिवार 2 दिसंबर तक अपनी आपत्ति या प्रस्तावित बदलाव दर्ज करा सकते हैं. इसके लिए ईमेल eoikathmandufloodsupport@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है. दूतावास ने +9779851316807 फोन नंबर भी जारी किया है.

आपत्तियों और संशोधनों की समीक्षा पूरी होने के बाद नेपाल सरकार सूची को अंतिम रूप देगी और मौत की औपचारिक घोषणा जारी करेगी. इसके बाद भारतीय दूतावास नेपाल के स्थानीय अधिकारियों से संबंधित लोगों के मृत्यु प्रमाणपत्र हासिल करने की प्रक्रिया में मदद करेगा. इस दौरान परिवारों से अतिरिक्त जानकारी और दस्तावेज मांगे जा सकते हैं.

नेपाल के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, अगस्त में आई बाढ़ में कम से कम 1,453 लोगों की मौत हुई थी और 5,000 से अधिक लोग लापता हुए थे. भोटेकोशी नदी हिमालयी सीमा क्षेत्र से दक्षिण की ओर बहती है. बाढ़ के पानी ने घरों, वाहनों, सड़कों और पुलों को बहा दिया था तथा जलविद्युत परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचाया था.