नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद पहली बार भारत की द्विपक्षीय यात्रा पर आ रहे हैं. विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, उनका दो दिवसीय दौरा रविवार से शुरू होगा. इस दौरान वह भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत शीर्ष भारतीय नेतृत्व से मुलाकात करेंगे.
बालेन शाह रविवार दोपहर 3:15 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पहुंचेंगे. शाम 6 बजे उनकी विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ बैठक होगी. यह मुलाकात होटल ताज पैलेस में प्रस्तावित है.
23 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी से वार्ता
सोमवार, 23 नवंबर को सुबह 10 बजे राष्ट्रपति भवन में बालेन शाह का औपचारिक स्वागत किया जाएगा. इसके बाद वह सुबह 10:40 बजे राजघाट पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे. सुबह 11 बजे हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय बातचीत होगी.
MEA के मुताबिक, बैठक में दोनों नेता भारत-नेपाल संबंधों की पूरी स्थिति की समीक्षा करेंगे. इसके अलावा आपसी हित से जुड़े क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा होगी. दोनों देशों के बीच समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान और प्रेस वक्तव्य दोपहर 12:25 बजे हैदराबाद हाउस में प्रस्तावित है.
दोपहर 3:15 बजे बालेन शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात करेंगे. उनका भारत दौरा शाम 4:50 बजे समाप्त होगा.
यात्रा के एजेंडे में व्यापार और वाणिज्य, विकास साझेदारी, ऊर्जा, जल, भौतिक और डिजिटल कनेक्टिविटी, तकनीक, नवाचार तथा खेल सहयोग जैसे विषय शामिल हैं. विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच नियमित उच्चस्तरीय संपर्क की परंपरा को आगे बढ़ाएगी और भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति के तहत नेपाल के महत्व को दर्शाती है.
