नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह 22 और 23 नवंबर को भारत की आधिकारिक यात्रा पर आएंगे. प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा होगी. शाह की यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भारत और नेपाल ऊर्जा, व्यापार, विकास साझेदारी और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं.
भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, शाह 22 नवंबर को नई दिल्ली पहुंचेंगे और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे. अगले दिन उनका औपचारिक स्वागत राष्ट्रपति भवन में होगा. इसके बाद वह राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता करेंगे.
वार्ता में व्यापार और वाणिज्य, विकास साझेदारी, ऊर्जा और जल संसाधन, भौतिक एवं डिजिटल कनेक्टिविटी, तकनीक, नवाचार और खेल समेत कई मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है. दोनों पक्ष संभावित समझौतों और सहमति-पत्रों का आदान-प्रदान भी कर सकते हैं.
पूर्ववर्तियों से कैसे अलग
इस यात्रा की खासियत यह है कि शाह नियमित राजकीय प्रोटोकॉल के बजाय नेपाल एयरलाइंस की सामान्य उड़ान से भारत पहुंचेंगे. रिपोर्टों के अनुसार, उनका नई दिल्ली में करीब 25 घंटे का संक्षिप्त कार्यक्रम रहेगा. शाह 23 नवंबर की शाम नेपाल लौटने वाले हैं.
प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक में दोनों देशों के संबंधों की व्यापक समीक्षा और क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा. यात्रा के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी उनकी मुलाकात निर्धारित है.
