नेपाल के प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह रविवार, 22 नवंबर को दो दिवसीय भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचेंगे. मार्च 2026 में पद संभालने के बाद यह उनकी भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है. यह दौरा भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रहा है.
शाह के नई दिल्ली पहुंचने के बाद उनकी मुलाकात विदेश मंत्री एस. जयशंकर से प्रस्तावित है. सोमवार को उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा और वह राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे. इसके बाद हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी.
दोनों नेताओं के बीच बातचीत के बाद समझौतों और सहमति-पत्रों के आदान-प्रदान तथा संयुक्त प्रेस वार्ता का कार्यक्रम है. शाह की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात निर्धारित है.
नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, यात्रा के दौरान दोनों देश अपने संबंधों की समीक्षा के साथ व्यापार, पारगमन, निवेश, ऊर्जा, संपर्क और बुनियादी ढांचा विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे. शाह के साथ 34 सदस्यीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के भारत आने की जानकारी भी दी गई है.
