नेपाल के प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह रविवार को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंच गए. यह पद संभालने के बाद उनकी भारत की पहली आधिकारिक द्विपक्षीय यात्रा है. भारत के वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया.
शाह की यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही है. कार्यक्रम के अनुसार, वह सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी के साथ पहले आमने-सामने और फिर प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे. दोनों पक्ष भारत-नेपाल संबंधों की समीक्षा के साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे.
नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, बातचीत में व्यापार, विकास साझेदारी, ऊर्जा, जल संसाधन, परिवहन और भौतिक एवं डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे विषय शामिल रहेंगे. स्टार्टअप, तकनीक, नवाचार और खेल के क्षेत्र में सहयोग पर भी चर्चा होने की संभावना है.
शाह भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे. विदेश मंत्री एस. जयशंकर उनसे शिष्टाचार भेंट करेंगे. शाह के साथ 34 सदस्यीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल है, जिसमें नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल और वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले शामिल हैं. दोनों देशों के बीच कुछ समझौतों पर हस्ताक्षर की भी उम्मीद है.
