इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर ईरान के खिलाफ फिर हमला करने के लिए दबाव बना रहे हैं. अधिकारियों के हवाले से सामने आई रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू चाहते हैं कि अमेरिका 3 नवंबर के मध्यावधि चुनाव के तुरंत बाद ईरान पर सैन्य कार्रवाई करे.
हालांकि, ट्रंप ने इस विकल्प पर अंतिम निर्णय नहीं लिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी प्रशासन एक ओर संभावित सैन्य अभियान की तैयारी पर विचार कर रहा है, वहीं दूसरी ओर ईरान के साथ बातचीत का रास्ता खुला रखना चाहता है.
मध्यस्थ ईरान और अमेरिका के बीच ऐसे ढांचे पर काम कर रहे हैं, जिसमें ईरान से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में हमले रोकने के बदले अमेरिका ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी हटाने पर सहमत हो सकता है. होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव का असर समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ने की आशंका है.
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, अक्टूबर में इस क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हमले मार्च के बाद सबसे अधिक रहे. चीन ने भी नवंबर के शुरुआती या मध्य हिस्से में ईरान, ओमान और सऊदी अरब के लिए विशेष दूत भेजने की योजना बताई है.
