इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को अबू धाबी में संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की. यूएई की सरकारी समाचार एजेंसी WAM के अनुसार, दोनों नेताओं ने यूएई और इजरायल के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और उन्हें आगे विकसित करने के तरीकों पर चर्चा की.

इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि यह यात्रा यूएई राष्ट्रपति के निमंत्रण पर हुई और बातचीत का केंद्र दोनों देशों के रिश्ते मजबूत करना तथा क्षेत्रीय चुनौतियां थीं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बैठक में ईरान से जुड़े क्षेत्रीय सुरक्षा मुद्दों पर भी चर्चा हुई.

यूएई और इजरायल ने 2020 में अमेरिका की मध्यस्थता वाले अब्राहम समझौते के तहत राजनयिक संबंध स्थापित किए थे. ईरान के साथ हालिया युद्ध के बाद दोनों देशों के बीच सुरक्षा और रणनीतिक संपर्क को लेकर चर्चा बढ़ी है. हालांकि, बैठक से जुड़े सभी विवरण आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक नहीं किए गए हैं.