न्यूजीलैंड की संसद ने भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते को लागू करने वाला कानून 93-29 के बहुमत से पारित कर दिया है. सरकार के अनुसार, यह मतदान समझौते के लिए संसद के व्यापक समर्थन को दर्शाता है.
भारत और न्यूजीलैंड ने इस FTA पर 27 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली में हस्ताक्षर किए थे. समझौते के तहत न्यूजीलैंड के 57 प्रतिशत निर्यात को पहले दिन से भारत में शुल्क-मुक्त पहुंच मिलेगी. पूरी तरह लागू होने पर उसके 95 प्रतिशत निर्यात पर शुल्क या तो समाप्त हो जाएगा या उसमें उल्लेखनीय कमी आएगी.
समझौते में भेड़ के मांस, ऊन, कोयला और वानिकी उत्पादों जैसे क्षेत्रों के लिए तत्काल शुल्क-मुक्त प्रावधान शामिल हैं. समुद्री उत्पाद, वाइन, मनुका शहद और कुछ फलों के लिए शुल्क में कटौती, शुल्क-मुक्त कोटा या चरणबद्ध लाभ का प्रावधान है.
न्यूजीलैंड की संसद की मंजूरी के बावजूद FTA अभी तत्काल लागू नहीं होगा. इसके प्रभावी होने के लिए भारत और न्यूजीलैंड, दोनों देशों में आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी.
