अमेरिका की न्यूयॉर्क संघीय अदालत में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता की सजा पर सुनवाई होगी. यह मामला अलगाववादी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित साजिश से जुड़ा है. सुनवाई के दौरान पन्नू के भी अदालत में मौजूद रहने की संभावना है. 2023 में मामला सामने आने के बाद यह पहली बार हो सकता है जब दोनों एक ही अदालत में सामने हों.
अमेरिकी जिला न्यायाधीश विक्टर मारेरो स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे सुनवाई करेंगे. 55 वर्षीय गुप्ता ने इस साल फरवरी में अपने खिलाफ लगाए गए आरोप स्वीकार कर लिए थे. अमेरिकी अभियोजकों ने अदालत से उसे 293 महीने, यानी करीब 24 साल और 5 महीने की जेल की सजा देने का अनुरोध किया है. गुप्ता के वकीलों ने इसके बजाय 12 साल की सजा की मांग की है.
पन्नू को पीड़ित के तौर पर बोलने की अनुमति की मांग
अमेरिकी अभियोजन पक्ष ने पन्नू को पीड़ित के तौर पर अदालत में 20 मिनट बोलने की अनुमति देने का अनुरोध किया है. गुप्ता को भी सजा सुनाए जाने से पहले अपना पक्ष रखने का अधिकार है. उनके वकील के अनुसार, अमेरिकी कानून के तहत आरोपी और अपराध के पीड़ित—दोनों सजा प्रक्रिया के दौरान अदालत को संबोधित कर सकते हैं.
अदालत में जमा किए गए एक पत्र में गुप्ता ने अपनी गतिविधियों पर पछतावा जताया है. उसने लिखा कि काश वह 2023 में लौटकर अपनी गलतियां सुधार पाता. गुप्ता के अनुसार, उस समय वह परिवार से दूर रहने लगा था और लगभग हर रात अधिक शराब पीता था. उसने अपने परिवार और आसपास के लोगों को हुई परेशानी के लिए अफसोस जताया.
अभियोजन का आरोप क्या है
अमेरिकी अदालत में पेश दस्तावेजों के अनुसार, 2023 में गुप्ता ने भारत और अन्य देशों में मौजूद लोगों के साथ मिलकर पन्नू की हत्या की साजिश रची. अभियोजन का आरोप है कि विकास यादव के कहने पर गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह आपराधिक गिरोह से जुड़ा समझता था. वह व्यक्ति वास्तव में अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन का मुखबिर था.
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, पन्नू की हत्या के लिए शूटर की व्यवस्था करने के बदले 1 लाख डॉलर देने की बात हुई थी. करीब 9 जून 2023 को 15 हजार डॉलर की रकम बतौर अग्रिम भेजे जाने का भी आरोप है.
पन्नू ने भारत सरकार, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और पूर्व RAW प्रमुख सामंत गोयल के खिलाफ अलग से मुकदमा दायर किया है. भारत सरकार ने इन आरोपों से इनकार किया है और मामले को निराधार बताया है. गुप्ता के वकील ने कहा है कि पन्नू का दीवानी मुकदमा गुप्ता की आपराधिक सजा की सुनवाई से अलग है.
