नॉर्वे के नए सम्राट किंग हाकोन अष्टम ने अपने पिता किंग हेराल्ड को श्रद्धांजलि देते हुए कहा है कि उन्होंने नॉर्वे और उसके लोगों का प्रतिनिधित्व गर्व और खुशी के साथ किया. शनिवार को टेलीविजन पर प्रसारित अपने पहले संबोधन में नए राजा ने कहा कि वह देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करेंगे.
अल जज़ीरा की रिपोर्ट के अनुसार, किंग हेराल्ड का शुक्रवार को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया. वह 35 वर्षों तक नॉर्वे के सम्राट रहे. रिपोर्ट में कहा गया है कि वह हीमोलाइटिक एनीमिया से पीड़ित थे, जिसमें थकान और सांस फूलने जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
शोक में डूबा देश, ओस्लो में लोगों की भीड़
राजा के निधन के बाद ओस्लो स्थित रॉयल पैलेस के बाहर हजारों लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे. लोगों ने फूल, शोक-संदेश और मोमबत्तियां रखीं. नॉर्वे के सार्वजनिक प्रसारक एनआरके के हवाले से हाकोन ने कहा कि पैलेस स्क्वायर को लोगों, फूलों, संवेदना संदेशों और मोमबत्तियों से भरा देखना बेहद भावुक करने वाला अनुभव था.
उन्होंने अपने संबोधन में कहा, "हम शोक में हैं. साथ ही, यह जानकर हमें सांत्वना और ताकत मिलती है कि इतने लोग हमारे साथ शोक मना रहे हैं."
सरकार ने अंतिम संस्कार के बाद तक राष्ट्रीय शोक की अवधि घोषित की है. अंतिम संस्कार की तारीख का अभी एलान नहीं किया गया है. चर्च ऑफ नॉर्वे ने रविवार को देशभर में स्मृति प्रार्थना सभाएं आयोजित करने की बात कही है. कई चर्चों और नगर भवनों में लोगों ने शोक-पुस्तिकाओं में संदेश लिखे और मोमबत्तियां जलाईं.
संविधान की रक्षा की शपथ लेंगे नए सम्राट
अपने पहले संबोधन में हाकोन ने कहा कि वह, उनकी पत्नी क्वीन मेटे-मैरिट और उनकी बेटी क्राउन प्रिंसेस इंग्रिड अलेक्जेंड्रा मौजूद रहेंगे और लोगों की बात सुनेंगे. उन्होंने लोकतंत्र, कानून और न्याय पर आधारित समाज तथा सभी लोगों के समान मूल्य में विश्वास जताया.
उनके अनुसार, "हम जन-शासन और लोकतंत्र में विश्वास करते हैं. हम कानून और न्याय पर बने ऐसे समाज में विश्वास करते हैं, जहां हर व्यक्ति का समान मूल्य हो."
रिपोर्ट के मुताबिक, हाकोन मंगलवार को संसद के समक्ष नॉर्वे के संविधान और कानूनों की रक्षा की शपथ लेंगे. इसके साथ ही शोक के माहौल में नॉर्वे में राजशाही के नए दौर की औपचारिक शुरुआत होगी.
