OpenAI के पूर्व इंजीनियर अब्दुलरहमान अलफोजान पर कंपनी के सैन फ्रांसिस्को स्थित एक कॉन्फ्रेंस रूम में रिकॉर्डिंग डिवाइस लगाने का आरोप लगा है. अमेरिकी अभियोजकों का कहना है कि इस डिवाइस के जरिए वरिष्ठ अधिकारियों, कारोबारी प्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों से जुड़ी संवेदनशील बैठकों की बातचीत रिकॉर्ड करने की कोशिश की गई.
अभियोजकों के मुताबिक, डिवाइस टीवी के पीछे लगाया गया था. उनका दावा है कि इसके आसपास के समय में उस कमरे में सरकारी अधिकारियों की बैठकें भी हुई थीं. जांच अधिकारियों का यह भी आरोप है कि अलफोजान ने संवेदनशील बातचीत रिकॉर्ड करने के लिए विशेष प्रकार के एन्क्रिप्टेड डिवाइस तैयार किए थे.
OpenAI ने कथित डिवाइस 30 सितंबर को मिलने के बाद मामले की जानकारी FBI को दी थी. अभियोजकों ने कहा है कि जांच अभी जारी है और आगे अतिरिक्त आरोप लगाए जा सकते हैं. इन आरोपों पर अदालत में अंतिम फैसला होना बाकी है.
सऊदी संपर्कों का अभियोजकों ने दिया हवाला
अदालत में दाखिल दस्तावेजों में अभियोजकों ने अलफोजान के सऊदी अरब के प्रभावशाली लोगों से कथित संपर्कों का उल्लेख किया है. इनमें सऊदी शाही परिवार का एक सदस्य भी शामिल बताया गया है. अभियोजकों के अनुसार, यह व्यक्ति अलफोजान को सऊदी अरब में AI से जुड़ी भूमिका में शामिल करना चाहता था.
दस्तावेजों में एक संदेश का भी जिक्र है, जिसमें कथित तौर पर कहा गया था कि सऊदी अरब को अलफोजान की अमेरिका से ज्यादा जरूरत है. अभियोजकों ने यह भी दावा किया कि अलफोजान सऊदी अरब में काम के अवसर तलाश रहे थे और उनकी पत्नी तथा छोटे बेटे की सऊदी वापसी की यात्रा का खर्च सऊदी सेना से जुड़े एक अधिकारी ने उठाया था.
इसी आधार पर अभियोजकों ने मुकदमा शुरू होने तक उन्हें हिरासत में रखने की मांग की है. उनका कहना है कि अलफोजान अमेरिका छोड़कर जा सकते हैं. अलफोजान सऊदी नागरिक हैं और अमेरिका में स्थायी रूप से रहने की अनुमति रखते हैं.
बचाव पक्ष ने रिहाई का प्रस्ताव दिया
अलफोजान के वकील विलियम पर्निक ने उनकी रिहाई की मांग की है. बचाव पक्ष ने इलेक्ट्रॉनिक निगरानी और पासपोर्ट जमा कराने जैसी शर्तों का प्रस्ताव रखा. वकील के अनुसार, अलफोजान करीब 15 वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं और उन्होंने अमेरिकी नागरिकता के लिए आवेदन किया है.
बचाव पक्ष का कहना है कि इस महीने सऊदी अरब जाने की उनकी योजना जांच शुरू होने से पहले तय थी और इसका संबंध परिवार तथा इमिग्रेशन से जुड़े कारणों से था. अलफोजान ने एक अरबी पॉडकास्ट में यह भी बताया था कि वह साल में तीन-चार बार सऊदी अरब जाते हैं और वहां के स्टार्टअप्स को सलाह देने में रुचि रखते हैं.
