पाकिस्तान की सेना ने बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में अलग-अलग अभियानों के दौरान 24 आतंकियों को मार गिराने का दावा किया है. सेना के मुताबिक, इन कार्रवाइयों में चार सैनिकों की भी मौत हुई है.

बलूचिस्तान के कोलपुर, करदगाप और नुश्की इलाकों में शुक्रवार से खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान चलाया जा रहा था. सेना के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात कोलपुर में हुई मुठभेड़ में आठ आतंकी मारे गए. इनमें एक आत्मघाती हमलावर भी शामिल था.

सेना ने बताया कि आतंकियों ने गश्त कर रहे सैन्य वाहनों को निशाना बनाने के लिए हथियारों से लैस क्वाडकॉप्टर का इस्तेमाल किया. इस हमले में मेजर ओमर मिन्हास नासिर और हवलदार मुहम्मद अदनान खान की मौत हुई. कार्रवाई के बाद हथियार और गोला-बारूद बरामद किए जाने का भी दावा किया गया है.

खैबर पख्तूनख्वा में 16 लोगों के मारे जाने का दावा

पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग ISPR के मुताबिक, खैबर पख्तूनख्वा के उत्तरी वजीरिस्तान में मीर अली, दत्ता खेल और आसपास के इलाकों में अभियान चलाया गया. अली खेल में 12, जबकि मीर अली और दत्ता खेल में दो-दो आतंकियों के मारे जाने की बात कही गई है.

सेना के अनुसार, इस कार्रवाई में हवलदार असमत अली और नाइक आफताब अली की भी मौत हुई. सुरक्षा बलों ने मारे गए लोगों के पास से हथियार और गोला-बारूद मिलने का दावा किया है.

पाकिस्तानी सरकार बलूचिस्तान में सक्रिय संगठनों और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान से जुड़े आतंकियों के लिए अलग-अलग शब्दों का इस्तेमाल करती है. भारत पर लगाए गए उसके आरोपों के समर्थन में कोई सबूत उपलब्ध नहीं कराया गया है.