पाकिस्तान के बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच अलग-अलग मुठभेड़ों में 24 आतंकियों के मारे जाने का दावा किया गया है. पाकिस्तानी सेना के अनुसार, इन घटनाओं में एक मेजर समेत चार सैनिकों की भी मौत हुई है.

बलूचिस्तान में सैन्य वाहनों पर ड्रोन हमला

सेना के मुताबिक, बलूचिस्तान के कोलपुर, करदगाप और नुश्की इलाकों में शुक्रवार से खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान चलाया जा रहा था. शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात कोलपुर में हुई मुठभेड़ में आठ आतंकियों के मारे जाने की बात कही गई है. सेना ने बताया कि इनमें एक आत्मघाती हमलावर भी शामिल था.

सेना के अनुसार, आतंकियों ने गश्त कर रहे सैन्य वाहनों को हथियारों से लैस क्वाडकॉप्टर के जरिए निशाना बनाया. इस हमले में मेजर ओमर मिन्हास नासिर और हवलदार मुहम्मद अदनान खान की मौत हुई. अभियान के दौरान हथियार और गोला-बारूद बरामद किए जाने का भी दावा किया गया है.

उत्तर वजीरिस्तान में 16 आतंकियों के मारे जाने का दावा

खैबर पख्तूनख्वा के उत्तर वजीरिस्तान में मीर अली, दत्ता खेल और आसपास के इलाकों में आतंकियों के ठिकानों पर कार्रवाई की गई. पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग ISPR के अनुसार, अली खेल में 12, जबकि मीर अली और दत्ता खेल में दो-दो आतंकी मारे गए.

इस कार्रवाई में हवलदार असमत अली और नाइक आफताब अली की मौत की जानकारी दी गई है. सेना ने कहा कि मारे गए आतंकियों के पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए. इन अभियानों और हताहतों से जुड़ी जानकारी पाकिस्तानी सेना के दावों पर आधारित है.