पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक ने भारत और पाकिस्तान के बीच आतंकवाद के मुद्दे पर बातचीत के लिए एक साझा मंच बनाने का प्रस्ताव दिया है. उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को आतंकवादी घटनाओं से जुड़े अपने-अपने दावों के समर्थन में सबूत पारदर्शी तरीके से साझा करने चाहिए और उन्हीं के आधार पर जवाब मांगे जाने चाहिए.

मलिक ने यह टिप्पणी रविवार को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) से जुड़े एक कार्यक्रम के इतर पत्रकारों से बातचीत में की. वह एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में शामिल होने के लिए भारत आए हैं.

उन्होंने कहा कि आतंकवाद का मुद्दा केवल दोनों देशों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र को प्रभावित करता है. मलिक के मुताबिक, इस समस्या के समाधान के लिए दोनों पक्षों को ऐसा मंच बनाना चाहिए जहां एक-दूसरे के सामने साक्ष्य रखे जा सकें और उन पर जवाब मांगा जा सके.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत में पत्रकारों ने मलिक से पाकिस्तान की ओर से भारत के खिलाफ सीमा पार आतंकवाद के समर्थन से जुड़े आरोपों पर कई सवाल पूछे. इसके जवाब में उन्होंने बातचीत को सबूतों पर आधारित रखने की बात कही.

मलिक ने यह भी कहा कि वह भारत द्विपक्षीय मुद्दों, खासकर आतंकवाद पर चर्चा करने के लिए नहीं, बल्कि एससीओ के कार्यक्रम में भाग लेने आए हैं. उन्होंने पाकिस्तान में आतंकवाद और उग्रवाद से प्रभावित लोगों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके देश में हजारों लोग इसके शिकार हुए हैं और पाकिस्तान अपने नागरिकों की सुरक्षा कर रहा है.

उन्होंने आतंकवाद के स्थायी समाधान के लिए पारदर्शी संवाद की जरूरत बताई और कहा कि केवल उकसावे से समस्या का समाधान नहीं होगा.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मलिक तीन साल से अधिक समय बाद भारत आने वाले पहले पाकिस्तानी मंत्री हैं. वह पिछले साल पहलगाम हमले के बाद दोनों देशों के बीच हुए चार दिवसीय संघर्ष के बाद भारत आने वाले पहले पाकिस्तानी नेता भी बताए गए हैं.