अमेरिका के फिलाडेल्फिया शहर में पुलिस और FBI एक जर्जर मकान की खुदाई कर रहे हैं, जिसे स्थानीय लोग ‘हाउस ऑफ हॉरर्स’ कहते हैं. जांचकर्ताओं को आशंका है कि 417 वेस्ट च्यू एवेन्यू स्थित इस घर से कम से कम सात लापता महिलाओं के मामलों का संबंध हो सकता है. पुलिस के अनुसार, इनमें से पांच महिलाओं की मौत की आशंका है, हालांकि अभी तक कोई शव बरामद नहीं हुआ है.
यह मकान दिवंगत रेमंड ‘RC’ हॉर्श और उसके बेटे यूजीन हॉर्श से जुड़ा है. रेमंड हॉर्श की पिछले साल 82 वर्ष की उम्र में मौत हो गई थी. पुलिस ने घर से करीब 10 लाख फोटो और फिल्म का संग्रह बरामद किया है. इनमें दिखने वाली 58 महिलाओं की पहचान की जा चुकी है. अधिकारियों के अनुसार, 25 महिलाओं का अब तक पता लगा है, लेकिन उनसे पूछताछ नहीं हो सकी है, जबकि 19 ने जासूसों से बात की, पर जांच में सहयोग करने से इनकार कर दिया.
जांच की सबसे बड़ी चुनौती यह तय करना है कि बरामद तस्वीरों और वीडियो में क्या वास्तविक है और क्या अभिनय. पुलिस ने कहा है कि पांच महिलाओं की तस्वीरों में वे बेहोश, निर्जीव या घायल दिखाई देती हैं. चिकित्सा परीक्षक के कार्यालय ने कहा कि कम से कम तीन महिलाओं की तस्वीरें यदि असली हैं और उनमें बदलाव नहीं किया गया है, तो उनमें दिख रही महिलाएं मृत प्रतीत होती हैं. फिर भी, शवों के बिना मृत्यु प्रमाणित नहीं की जा सकती.
पुलिस अधिकारियों ने सावधानी बरतते हुए कहा है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है. उप पुलिस आयुक्त फ्रैंक वानोरे के अनुसार, कुछ दृश्य अभिनय हो सकते हैं, जबकि कुछ वास्तविक होने की आशंका है. पुलिस का कहना है कि वह मामले में धीमी और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ रही है.
जिन पांच महिलाओं को संभावित रूप से मृत माना जा रहा है, उनमें ब्लेयर टोंजेली, निकोल फुसारो, मैरिबेल फ्रेसेस, एमी मैकहेल और गैब्रिएल अमारांडो शामिल हैं. उनकी उम्र 22 से 35 वर्ष के बीच थी और वे 2012 से 2023 के बीच अलग-अलग समय पर लापता हुईं.
मामले ने उस समय नया मोड़ लिया जब यूजीन हॉर्श को फिलाडेल्फिया में एक वाहन से पकड़ा गया. अधिकारियों के अनुसार, उसके पास संघीय कानून प्रवर्तन अधिकारी और DEA एजेंट की नकली पहचान थी. वाहन से दो हैंडगन, करीब 8,000 डॉलर मूल्य की अवैध ड्रग्स और एक महिला की पहचान से जुड़े दस्तावेज मिले. घर की तलाशी में एक और अवैध हथियार, गांजा उगाने की व्यवस्था, FBI का नकली बैज और राख से भरे पांच कलश मिले.
यूजीन हॉर्श फिलहाल हथियार और ड्रग्स से जुड़े संघीय आरोपों में हिरासत में है. उस पर लापता महिलाओं के मामले में आरोप नहीं लगाया गया है. रेमंड हॉर्श पर भी इन महिलाओं के गायब होने के संबंध में कभी आरोप तय नहीं हुए. पुलिस आयुक्त केविन बेटेल ने कहा कि जांच का उद्देश्य उन परिवारों को जवाब देना है, जो अब भी यह जानना चाहते हैं कि उनके परिजनों के साथ क्या हुआ.
