प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 और 17 नवंबर को फिलीपींस की यात्रा के दौरान ASEAN और Quad देशों के नेताओं को भारत की अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी पारंपरिक कलाकृतियां और हस्तशिल्प भेंट किए. इन उपहारों में राजस्थान की पिचवाई, कश्मीर का रेशमी कालीन, तमिलनाडु की चोल कांस्य मूर्ति और गुजरात की रोगन कला शामिल रही.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को राजस्थान के नाथद्वारा की सुनहरी पिचवाई पेंटिंग दी गई. पिचवाई चित्रों में कमल, गाय, पेड़ और सजावटी सीमाओं जैसे पारंपरिक रूपांकनों का इस्तेमाल होता है. इन्हें तैयार कपड़े पर खनिज रंगों और सोने की सजावट से बनाया जाता है.

फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर को कश्मीरी रेशमी कालीन भेंट किया गया. हाथ से गांठ बांधकर बनाए जाने वाले इन कालीनों में महीनों या वर्षों तक काम लग सकता है. इनके डिजाइनों में फूल, चिनार के पत्ते और ज्यामितीय आकृतियां प्रमुख होती हैं.

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो को चोल कांस्य मूर्ति दी गई. यह कला दक्षिण भारत में चोल वंश के दौर में विकसित हुई थी और इसमें ‘लॉस्ट-वैक्स’ ढलाई तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है. मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को चांदी से सजा हुआ पारंपरिक उरली दिया गया, जिसे भारतीय परंपरा में शुद्धता, समृद्धि और आतिथ्य का प्रतीक माना जाता है.

कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट को डोकरा कला से बनी नाव भेंट की गई. इस कलाकृति में नाव पर सवार आकृतियां और पक्षी बनाए गए हैं. म्यांमार और ब्रुनेई के सुल्तान हाजी हसनल बोल्किया को कर्नाटक के बीदर की बिदरीवेयर चांदी-जड़ित फूलदान दिए गए. बिदरीवेयर में जस्ता-तांबा मिश्रधातु पर शुद्ध चांदी की नक्काशी की जाती है और इसे भौगोलिक संकेतक यानी GI टैग प्राप्त है.

जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची को शाही नीले रंग का बनारसी कटान रेशम स्टोल दिया गया, जिसे सदेली बॉक्स में प्रस्तुत किया गया. ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को जयपुर की नीली पॉटरी की कलाकृति मिली. लाओस के प्रधानमंत्री सोनेक्से सिफांडोन को सोने की सजावट वाला गुलाबी क्वार्ट्ज हाथी दिया गया.

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल को गुजरात के कच्छ की रोगन कला की पेंटिंग दी गई. यह कपड़े पर की जाने वाली दुर्लभ कला है, जिसमें अरंडी के तेल और प्राकृतिक रंगों से तैयार गाढ़े रंग का इस्तेमाल होता है. तिमोर-लेस्ते के प्रधानमंत्री काय राला शानाना गुसमाओ को खंभात का हाथ से बना अगेट कटोरा और वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग को पारंपरिक भारतीय चमड़े की वॉल हैंगिंग भेंट की गई.

शिखर सम्मेलनों में सहयोग पर जोर

मनीला यात्रा के दौरान मोदी ने 23वें ASEAN-भारत शिखर सम्मेलन, 21वें ईस्ट एशिया समिट और Quad नेताओं की बैठक में हिस्सा लिया. भारत और ASEAN ने आपदा प्रबंधन सहयोग पर संयुक्त बयान अपनाया. इसमें शुरुआती चेतावनी प्रणालियों को मजबूत करने, उपग्रह डेटा साझा करने, संयुक्त अभ्यास करने और आपदा जोखिम आकलन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस्तेमाल पर सहमति बनी.

यात्रा के दौरान समुद्री सहयोग, साइबर फॉरेंसिक प्रशिक्षण, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष हैकाथॉन जैसे क्षेत्रों में भी पहल की घोषणा की गई. ASEAN छात्रों के लिए नालंदा विश्वविद्यालय में छात्रवृत्ति बढ़ाने और ASEAN देशों के पर्यटकों के लिए निशुल्क ई-वीजा की घोषणा भी की गई.