प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 से 17 नवंबर तक फिलीपींस की दो दिवसीय यात्रा पर हैं. फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मनीला में 23वें ASEAN-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेंगे. वे क्वाड नेताओं की बैठक में भी शामिल हो सकते हैं.

फिलीपींस वर्ष 2026 के लिए ASEAN अध्यक्ष है और 17 नवंबर को दोनों शिखर सम्मेलनों की मेजबानी करेगा. ASEAN के साथ भारत के संबंध उसकी ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ और हिंद-प्रशांत क्षेत्र से जुड़े दृष्टिकोण का अहम हिस्सा हैं.

सहयोग की समीक्षा और आगे की दिशा

ASEAN-भारत शिखर सम्मेलन में व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी. इसमें ASEAN-भारत कार्य योजना 2026-2030 के क्रियान्वयन के साथ भविष्य के सहयोग की दिशा पर भी चर्चा होगी. भारत और ASEAN वर्ष 2026 को ‘आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष’ के रूप में मना रहे हैं. दोनों पक्ष 2027 में संवाद संबंधों के 35 वर्ष और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष पूरे होने का भी जश्न मनाएंगे.

यात्रा से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ASEAN देशों के साथ भारत का रिश्ता उसकी एक्ट ईस्ट पॉलिसी का “दिल” है और MAHASAGAR विजन में अहम स्थान रखता है. उन्होंने भारत-फिलीपींस संबंधों को व्यापार, कनेक्टिविटी, समुद्री सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और लोगों के बीच संपर्क तक फैली साझेदारी बताया.

प्रधानमंत्री के अनुसार, ईस्ट एशिया समिट क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा का महत्वपूर्ण मंच है. वे हिंद-प्रशांत में शांति, स्थिरता और सहयोग मजबूत करने पर भी विचार साझा करेंगे. यात्रा के दौरान वे फिलीपींस में भारतीय समुदाय से संवाद करेंगे.