प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 और 17 नवंबर 2026 को फिलीपींस की राजधानी मनीला का दौरा करेंगे. यह यात्रा फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर होगी. विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी औपचारिक बयान में दी है.
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री 17 नवंबर को 23वें ASEAN-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेंगे. दोनों बैठकों की मेजबानी 2026 के लिए ASEAN अध्यक्ष फिलीपींस कर रहा है.
ASEAN-भारत शिखर सम्मेलन में व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी. इसमें ASEAN-भारत कार्ययोजना 2026-2030 के क्रियान्वयन और भविष्य के सहयोग की दिशा पर भी चर्चा होगी.
ईस्ट एशिया समिट में ASEAN और अन्य भागीदार देशों के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान होगा.
भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, ASEAN-भारत संबंध भारत की ‘Act East Policy’ और हिंद-प्रशांत क्षेत्र से जुड़े दृष्टिकोण का एक केंद्रीय स्तंभ हैं. वर्ष 2026 को ASEAN-भारत समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है. वर्ष 2027 में भारत और ASEAN के बीच संवाद संबंधों के 35 वर्ष तथा व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष पूरे होंगे.
