ब्रिटेन के प्रिंस ऑफ वेल्स विलियम 9 सितंबर को ओस्लो में नॉर्वे के दिवंगत राजा हाराल्ड पंचम के अंतिम संस्कार में अपने पिता किंग चार्ल्स का प्रतिनिधित्व करेंगे. बकिंघम पैलेस ने इसकी घोषणा की है. बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, किंग चार्ल्स के किसी अन्य राष्ट्राध्यक्ष के अंतिम संस्कार में सीधे शामिल न होने की परंपरा के तहत विलियम यह जिम्मेदारी निभाएंगे.
नॉर्वे के राजा हाराल्ड का पिछले महीने 89 वर्ष की उम्र में निधन हुआ था. वह करीब 35 वर्षों तक देश के सम्राट रहे. 9 सितंबर को ओस्लो में अंतिम संस्कार से पहले शवयात्रा निकाली जाएगी और इसके बाद ओस्लो कैथेड्रल में धार्मिक सेवा आयोजित होगी. इसके बाद उनका निजी अंतिम संस्कार नॉर्वे के शाही मकबरे में किया जाएगा.
प्रिंसेस ऐन भी समारोह में होंगी शामिल
प्रिंसेस ऐन अंतिम संस्कार में निजी हैसियत से शामिल होंगी. वह नॉर्वे के नए सम्राट किंग हाकोन अष्टम की गॉडमदर हैं. समारोह में महारानी सोन्या, नॉर्वे के शाही परिवार के सदस्य और अन्य यूरोपीय राजघरानों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है.
दिवंगत राजा को अंतिम विदाई देने के लिए नॉर्वे में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है. हजारों लोग ओस्लो स्थित रॉयल पैलेस चैपल में उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए कतार में खड़े हुए हैं.
‘जनता के राजा’ के रूप में बनी पहचान
बीबीसी के अनुसार, हाराल्ड को सहज स्वभाव वाले और आधुनिक सोच रखने वाले सम्राट के तौर पर देखा जाता था. उन्होंने नॉर्वे के राजतंत्र को आधुनिक बनाने में भूमिका निभाई और परंपरा से हटकर एक आम नागरिक से विवाह किया. उन्हें देश को एकजुट रखने वाले व्यक्तित्व के रूप में भी याद किया जा रहा है.
नॉर्वे के नए राजा हाकोन ने अपने पिता को श्रद्धांजलि देते हुए टेलीविजन पर भावुक संबोधन किया. उन्होंने कहा, "इतने अच्छे पिता होने के लिए धन्यवाद." उनके मुताबिक, हाराल्ड ऐसे समाज के मूल्यों का प्रतिनिधित्व करते थे, जो कानून और न्याय पर आधारित हो और जहां सभी लोगों को समान महत्व मिले.
किंग चार्ल्स ने भी अपने संदेश में हाराल्ड को अपना चचेरा भाई बताते हुए उनकी सेवा की सराहना की. संदेश में उन्होंने कहा कि हाराल्ड ने गर्मजोशी और विनम्रता के साथ बदलाव के दौर में नॉर्वे का मार्गदर्शन किया.
नए राजा के सामने पारिवारिक चुनौतियां
हाकोन के राजा बनने के बाद नॉर्वे का शाही परिवार कई विवादों का सामना कर रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, उनकी पत्नी महारानी मेटे-मैरिट उस समय आलोचनाओं में आईं, जब जेफ्री एप्स्टीन के साथ उनकी तीन साल की दोस्ती सामने आई. उन्होंने इस संबंध के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी.
मेटे-मैरिट के पिछले संबंध से जन्मे बेटे मारियस बोर्ग होइबी को जून में बलात्कार और अन्य अपराधों के मामले में दोषी ठहराया गया था और चार वर्ष की सजा सुनाई गई थी. रिपोर्ट के मुताबिक, वह इस फैसले के खिलाफ अपील कर रहे हैं.
प्रिंस विलियम के नॉर्वे दौरे के दौरान किंग चार्ल्स स्कॉटलैंड में रहेंगे. वह बाल्मोरल में प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम की मेजबानी करेंगे. यह प्रधानमंत्री की सम्राट के साथ पारंपरिक वार्षिक मुलाकात का हिस्सा है.
