रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अगले महीने त्रिपक्षीय शिखर वार्ता का प्रस्ताव रखा है. वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, बैठक का उद्देश्य यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए संभावित समझौते पर चर्चा करना होगा.

रिपोर्ट में कहा गया है कि क्रेमलिन ने यह बैठक चीन में होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) सम्मेलन के इतर आयोजित करने का सुझाव दिया है. APEC सम्मेलन 18 और 19 नवंबर को शेनझेन में प्रस्तावित है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुतिन ने यह विचार 9 अक्टूबर को ट्रंप के साथ हुई फोन बातचीत के दौरान रखा था. संभावित वार्ता में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की भागीदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है.

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि प्रस्तावित समझौता रूस के हितों के अनुकूल हो सकता है. हालांकि, अभी तक तीनों नेताओं की बैठक की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इसलिए इसे फिलहाल एक प्रस्ताव और रिपोर्टेड कूटनीतिक पहल के रूप में देखा जा रहा है, न कि तय शिखर सम्मेलन के रूप में.