लाल सागर से गुजरने वाले कुछ वाणिज्यिक जहाज अब यात्रा शुरू करने से पहले हूती समूह से ईमेल के जरिए सुरक्षित रास्ते की पुष्टि मांग रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शिपिंग कंपनियां जहाज की पहचान, स्वामित्व और प्रस्तावित मार्ग की जानकारी साझा कर रही हैं.
यह संपर्क Humanitarian Operations Coordination Center (HOCC) के जरिए किया जा रहा है. कुछ जहाज यह भी बताते हैं कि उनका इजरायल, अमेरिका या ब्रिटेन से कोई संबंध नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक, जवाब आमतौर पर करीब 24 घंटे में मिल जाता है और कुछ मामलों में हूतियों ने यात्रा से जुड़े विशेष निर्देश भी दिए हैं.
एक उदाहरण में चीनी कंटेनर जहाज Zhong Cheng Chang Ling को सात दिन की पारगमन अनुमति दी गई और यात्रा के दौरान Automatic Identification System चालू रखने को कहा गया. AIS से जहाज की पहचान, स्थिति, गति और दिशा की जानकारी प्रसारित होती है.
हालांकि, यह व्यवस्था अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्य समुद्री मंजूरी नहीं है. सभी जहाज इस चैनल का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं और हूतियों की अनुमति लेना औपचारिक रूप से अनिवार्य नहीं बताया गया है. लाल सागर और बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य में हमलों के जोखिम के कारण कई कंपनियां इस छोटे मार्ग के बजाय अफ्रीका के दक्षिणी छोर, केप ऑफ गुड होप, से लंबा रास्ता चुन रही हैं.
