सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार, 11 अक्टूबर को एक बार फिर हमला हुआ. सऊदी अरब की जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (GACA) के मुताबिक, एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल एयरपोर्ट के टर्मिनल-4 से टकराया, जिसके बाद वहां आग लग गई. घटना में कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई है.
रिपोर्ट के अनुसार, एयरपोर्ट के पास एक क्रूज मिसाइल को हवा में ही नष्ट कर दिया गया. अधिकारियों ने एयरपोर्ट की सुविधाओं को हुए नुकसान का आकलन और सुरक्षा जांच शुरू कर दी है. हमले के बाद रियाद का अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट रविवार को भी बंद रहा. उड़ानें दोबारा शुरू करने का समय अभी आधिकारिक रूप से तय नहीं किया गया है.
शनिवार के हमले में 12 लोगों की मौत
यह हमला शनिवार, 10 अक्टूबर को हुए घातक हमले के एक दिन बाद हुआ. शनिवार की घटना में 12 लोगों की मौत और 309 लोग घायल हुए थे. सऊदी अरब ने इस हमले के लिए ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है. मृतकों में चार सऊदी नागरिक और आठ विदेशी नागरिक शामिल थे.
घायलों में कम से कम 11 भारतीय नागरिक भी थे. रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को बताया कि हमले में घायल एक भारतीय नागरिक की इलाज के दौरान मौत हो गई. दूतावास ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई और कहा कि वह परिवार के संपर्क में है. पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के लिए सहायता देने की बात भी कही गई है. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि हमले में छह पाकिस्तानी नागरिक घायल हुए हैं. इस बीच, हूती विद्रोहियों ने एयरलाइंस, एयरपोर्ट कर्मचारियों और यात्रियों को सऊदी एयरपोर्ट का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी है. सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने जवाबी कार्रवाई की बात कही है.
