सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है. भारतीय दूतावास ने रविवार को बताया कि हमले में 11 भारतीय घायल हुए थे, जिनमें से एक ने बाद में दम तोड़ दिया. इस हमले में 300 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी है.
दूतावास ने कहा कि मृत भारतीय नागरिक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना है. अधिकारियों ने परिवार के संपर्क में होने और पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने में हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया है. दूतावास के अधिकारी घायल भारतीयों की स्थिति जानने के लिए स्थानीय प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन के संपर्क में हैं.
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारतीय नागरिक की मौत पर शोक जताया. उन्होंने कहा कि रियाद में हुए हमले में जान गंवाने से वह बेहद दुखी हैं और भारतीय दूतावास शोकाकुल परिवार को हरसंभव सहायता देगा.
भारत के विदेश मंत्रालय ने रियाद एयरपोर्ट और अन्य नागरिक ठिकानों पर हुए लगातार हमलों की कड़ी निंदा की. मंत्रालय ने नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमलों को पूरी तरह अस्वीकार्य बताते हुए इन्हें तत्काल रोकने की मांग की. भारत ने सऊदी अरब के लोगों और सरकार के साथ एकजुटता जताई तथा क्षेत्र में जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल होने की उम्मीद व्यक्त की.
सऊदी अरब ने इस हमले के लिए यमन के हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है. सुरक्षा स्थिति को देखते हुए भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने, जरूरत पड़ने पर घरों के भीतर रहने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है. अकासा एयर ने रियाद आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन 13 अक्टूबर तक बढ़ाया है.
