सऊदी अरब की राजधानी रियाद में किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास विस्फोटों की खबरों के बाद एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और IndiGo ने रियाद आने-जाने वाली कई उड़ानें रद्द या डायवर्ट कर दी हैं. एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सेवाएं 10 अक्टूबर तक रोकने की घोषणा की है.
एयरलाइंस ने क्षेत्र में तेजी से बदलती सुरक्षा स्थिति को फैसले की वजह बताया है. प्रभावित यात्रियों को बिना अतिरिक्त शुल्क के दूसरी तारीख पर यात्रा कराने या टिकट रद्द होने की स्थिति में पूरा रिफंड देने की पेशकश की गई है.
IndiGo की हैदराबाद-रियाद उड़ान को गुरुवार को सऊदी अरब के दम्माम की ओर मोड़ दिया गया. दिल्ली-रियाद उड़ान भी रद्द की गई, जबकि शुक्रवार की कुछ हैदराबाद-रियाद और मुंबई-रियाद सेवाओं पर भी असर पड़ा है.
यमन के ईरान-समर्थित हूती समूह ने रियाद एयरपोर्ट पर बैलिस्टिक मिसाइल हमले का दावा किया है. सऊदी अधिकारियों के अनुसार, राजधानी की ओर आने वाली मिसाइलों को रोक लिया गया. यात्रियों से एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी एयरलाइन से उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने को कहा गया है.
