रूस के इरकुत्स्क स्थित एंटी-प्लेग रिसर्च इंस्टीट्यूट की 28 वर्षीय कर्मचारी दर्या शिपिलोवा की 2 अक्टूबर को गंभीर निमोनिया के बाद मौत हो गई. इस घटना के बाद प्लेग संक्रमण की आशंका को लेकर सवाल उठे हैं, लेकिन अब तक उनकी मौत प्लेग से होने की पुष्टि नहीं हुई है.

शिपिलोवा के संपर्क में आए करीब 200 लोगों को मेडिकल निगरानी में रखा गया. रूसी स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, इन लोगों की जांच में प्लेग या किसी अन्य गंभीर खतरनाक संक्रमण का सबूत नहीं मिला. कुछ लोगों में दूसरे वायरल संक्रमण पाए जाने की बात कही गई है.

मामला इसलिए संवेदनशील है क्योंकि मृतक कर्मचारी ऐसे संस्थान में काम करती थीं, जहां प्लेग और अन्य खतरनाक संक्रामक बीमारियों पर शोध होता है. कुछ मीडिया रिपोर्टों में लैब में टेस्ट ट्यूब टूटने के बाद संक्रमण की आशंका जताई गई थी. हालांकि, रूसी अधिकारियों ने बीमारी को अज्ञात कारणों वाला निमोनिया बताया है और लैब में उनके काम से जुड़े किसी खतरनाक माइक्रोऑर्गेनिज्म का सबूत नहीं मिलने की जानकारी दी है.

WHO ने रूस से मांगी विस्तृत जानकारी

प्लेग से जुड़ी खबरों के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इंटरनेशनल हेल्थ रेग्युलेशन्स के तहत रूस से जानकारी मांगी. रूस ने WHO को बताया कि इरकुत्स्क में प्लेग का कोई कन्फर्म केस नहीं है. WHO ने कहा कि रूस के बाहर सार्वजनिक स्वास्थ्य जोखिम फिलहाल बहुत कम है. संगठन ने बीमारी के वास्तविक कारण, टेस्ट नतीजों और एक अन्य संभावित बीमार कर्मचारी से जुड़ी जानकारी भी मांगी है.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से इस मुद्दे पर जल्द बात करेंगे. फिलहाल रूस में प्लेग के प्रकोप की पुष्टि नहीं हुई है और जांच से जुड़े तथ्यों का इंतजार है.