रूस और यूक्रेन के बीच हमलों का सिलसिला फिर तेज हो गया है. यूक्रेन ने रूस के भीतर तेल और ऊर्जा प्रतिष्ठानों समेत कई ठिकानों पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए. रूसी अधिकारियों और स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, हमलों के बाद रूस के कुछ हिस्सों में आग लगने और बुनियादी ढांचे को नुकसान की खबरें सामने आईं.

इसके जवाब में रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे और शहरों पर मिसाइलों तथा ड्रोन से हमले किए. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस के हमलों से बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई और कीव को सहयोगी देशों से समय पर चेतावनी नहीं मिली. कीव के अधिकारियों ने राजधानी में रूसी हमले में एक व्यक्ति की मौत और दो लोगों के घायल होने की जानकारी दी.

ट्रंप-जेलेंस्की विवाद बढ़ा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के रूसी तेल प्रतिष्ठानों पर हमलों की आलोचना की है. उन्होंने जेलेंस्की पर युद्ध समाप्त करने में रुचि नहीं दिखाने का आरोप लगाया, जबकि जेलेंस्की ने रूस के साथ अमेरिकी ऊर्जा और प्रतिबंध संबंधी कदमों पर नाराजगी जताई है.

दोनों नेताओं के बीच बढ़ता सार्वजनिक मतभेद ऐसे समय सामने आया है, जब वॉशिंगटन रूस और यूक्रेन के बीच बातचीत फिर शुरू कराने की कोशिश कर रहा है.