यूरोपीय संसद की विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष डेविड मैकएलिस्टर ने रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की कोशिशों में भारत की संभावित भूमिका का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि भारत उन देशों में शामिल है जो मॉस्को और कीव के बीच बातचीत और समझौते का रास्ता तलाशने में मदद कर सकते हैं.
मैकएलिस्टर ने भारत के अब तक के रुख को सकारात्मक बताया. उनके अनुसार, भारत के रूस के साथ पारंपरिक रूप से अच्छे संबंध हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूक्रेन का दौरा कर चुके हैं और राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के साथ भी संपर्क स्थापित कर चुके हैं.
उन्होंने कहा कि युद्ध का समाधान न्यायपूर्ण और टिकाऊ होना चाहिए. यूरोप की प्राथमिकताओं में यूक्रेन के लिए ठोस सुरक्षा गारंटी भी शामिल है. मैकएलिस्टर ने इसे संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन करने वाला युद्ध बताया और कहा कि यूरोप में 1945 के बाद का यह सबसे गंभीर युद्ध है.
उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध के दौरान काला सागर में भारतीय नाविकों की मौत और अनाज आपूर्ति में बाधा भारत के लिए गंभीर चिंता का विषय है. उनका कहना था कि यूरोप भारत समेत अन्य देशों के साथ संबंध मजबूत करते हुए अपनी आपूर्ति शृंखलाओं को अधिक विविध बनाना चाहता है.
