अमेरिकी जमीन पर रूसी खुफिया नेटवर्क से जुड़ी कथित हत्या की साजिश ने शीत युद्ध के दौर के अनकहे नियमों पर बहस छेड़ दी है. अमेरिकी न्याय विभाग ने रूस की खुफिया सेवाओं के लिए काम करने वाले पांच लोगों के खिलाफ आरोप सार्वजनिक किए हैं. आरोप है कि वे अमेरिका समेत दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में हमलों और हत्याओं की योजना से जुड़े थे.
मामले में क्यूबा मूल के अमेरिकी निवासी ओमिस रोमागोजा डुरुथी का नाम भी सामने आया है. आरोप है कि उसे अमेरिकी धरती पर रूसी असंतुष्टों की निगरानी और हत्या के लिए भर्ती किया गया था. जांच एजेंसियों को मिले एन्क्रिप्टेड संदेशों में हत्या के बदले 40,000 डॉलर देने की योजना का उल्लेख बताया गया है.
हालांकि, उपलब्ध आरोप-पत्रों में अमेरिका में किसी हत्या को अंजाम दिए जाने की बात सामने नहीं आई है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि इस कथित अभियान को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सीधे मंजूरी दी थी.
अमेरिकी खुफिया विभाग के पूर्व अधिकारी क्रिस कोस्टा ने कहा कि शीत युद्ध के दौरान अमेरिका और सोवियत संघ के बीच जासूसी की होड़ के बावजूद कुछ सीमाएं मानी जाती थीं. उनके मुताबिक, यदि आरोप साबित होते हैं तो अमेरिकी धरती पर निगरानी और हत्या का निर्देश पारंपरिक जासूसी से आगे की कार्रवाई होगी.
