सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच संघर्ष बढ़ने के बीच सीरिया सऊदी सीमा पर तैनाती के लिए अपने लड़ाके भेजने की तैयारी कर रहा है. तीन अधिकारियों के अनुसार, सीरियाई सैन्य सलाहकार पहले ही सऊदी अरब पहुंच चुके हैं, लेकिन सीरियाई लड़ाकों को अब तक यमन नहीं भेजा गया है.

सीरियाई अधिकारियों में से एक ने बताया कि करीब 600 विशेष बलों के जवानों की शुरुआती टुकड़ी अगले सप्ताह सऊदी अरब पहुंच सकती है. एक अन्य अधिकारी के मुताबिक, 36 सीरियाई सैन्य अधिकारियों ने जेद्दा में सऊदी और यमनी अधिकारियों द्वारा संचालित कमान एवं संचालन केंद्र का दौरा किया और अलग-अलग मोर्चों की जानकारी ली.

क्षेत्रीय अधिकारी ने कहा कि सीरिया के कुछ सैन्य सलाहकार सऊदी अरब में यमनी बलों को प्रशिक्षण देने में मदद कर रहे हैं. हालांकि, सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी से जुड़े एक राजनयिक अधिकारी ने उन खबरों को खारिज किया है कि सीरियाई सेना को यमन भेजा जा रहा है. उनके अनुसार, सऊदी अरब के साथ समझौते का फोकस सैन्य प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण पर है.

सीरिया ने सऊदी अरब, तुर्की और पाकिस्तान के बीच बने संयुक्त रक्षा समझौते में शामिल होने की संभावना पर भी चर्चा की है. सऊदी अरब ने पिछले सप्ताह सीरिया के साथ सैन्य सहयोग समझौते की घोषणा की थी. दोनों देशों के बीच संबंधों में सुधार के साथ रियाद ने सीरिया के पुनर्निर्माण के लिए 40 करोड़ डॉलर से अधिक के ऋण पर भी सहमति जताई है.