अमेरिकी सांसदों ने सिएटल में दिवाली समारोह में हुए व्यवधान को संभावित संघीय हेट क्राइम मानकर जांच करने की मांग की है. भारतीय मूल की सांसद प्रमिला जयपाल और सुहास सुब्रमण्यम समेत सांसदों ने यह आग्रह अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश को भेजे पत्र में किया. पत्र की प्रति एफबीआई निदेशक काश पटेल को भी भेजी गई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना 7 नवंबर 2026 को हुई थी. सांसदों ने आरोप लगाया कि जेक लैंग और थॉमस एलन ने सार्वजनिक दिवाली समारोह में व्यवधान डाला. उन्होंने संघीय एजेंसियों से घटना की तत्काल जांच करने और दोनों के खिलाफ जवाबदेही तय करने के सभी विकल्पों पर विचार करने को कहा.
पत्र पर कांग्रेसनल एशियन पैसिफिक अमेरिकन कॉकस की अध्यक्ष ग्रेस मेंग के अलावा राजा कृष्णमूर्ति, यास्मीन अंसारी, एमी बेरा, जूडी चू, सुजान डेलबेन, रो खन्ना, एमिली रैंडल, लतीफ सिमोन, एडम स्मिथ और श्री थानेदार ने भी हस्ताक्षर किए हैं.
सांसदों ने इस घटना को दक्षिण एशियाई समुदायों के खिलाफ देशभर में सामने आए खतरे और कथित नफरत की घटनाओं की कड़ी का हिस्सा बताया. उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों द्वारा ‘रिप्लेसमेंट’ थ्योरी का प्रचार किया जा रहा था. यह एक नस्लवादी साजिश सिद्धांत है, जिसमें गैर-श्वेत और गैर-ईसाई लोगों के जरिए श्वेत ईसाई अमेरिकियों को बदलने का झूठा दावा किया जाता है.
पत्र में लैंग के जनवरी 6 की हिंसा के दौरान पुलिस अधिकारियों पर हमले का भी उल्लेख किया गया है. सांसदों के अनुसार, बाद में उन्हें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से माफी मिली थी.
सांसदों ने न्याय विभाग से हेट क्राइम की जांच को प्राथमिकता देने और Community Relations Service को बहाल करने की मांग की. उन्होंने आरोप लगाया कि 2026 वित्तीय वर्ष के लिए इस सेवा को आवंटित 1.5 करोड़ डॉलर रोके गए हैं.
