बांग्लादेश और भारत के बीच पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर तनाव बढ़ता दिख रहा है. बांग्लादेशी संसद के अध्यक्ष हाफिज उद्दीन अहमद ने कहा है कि यदि भारत हसीना को वापस नहीं भेजता, तो उनका देश अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) जाने पर विचार करेगा.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अहमद ने यह बयान पाकिस्तान के इस्लामाबाद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिया. वह पाकिस्तान की छह दिवसीय यात्रा पर हैं. उन्होंने कहा कि हसीना बांग्लादेश लौटती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.
हसीना ने हाल में 16 दिसंबर को ढाका लौटने की इच्छा जताई थी. हालांकि, बांग्लादेश की मौजूदा सरकार का कहना है कि उनकी वापसी केवल कानूनी प्रत्यर्पण प्रक्रिया के तहत ही हो सकती है. सरकार ने बिना औपचारिक कानूनी प्रक्रिया के उनकी वापसी की संभावना को स्वीकार नहीं किया है.
16 दिसंबर बांग्लादेश में विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है. यह दिन 1971 के मुक्ति संग्राम के अंत और ढाका में पाकिस्तानी सेना के आत्मसमर्पण का प्रतीक है. इसी युद्ध के बाद स्वतंत्र बांग्लादेश का गठन हुआ था.
इस विवाद के बीच अहमद ने 1971 के युद्ध में भारत की भूमिका पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि भारत ने बंगाली लोगों की मदद करने के बजाय पाकिस्तान को कमजोर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होंने यह भी दावा किया कि हसीना के 15 वर्ष के शासन के दौरान बांग्लादेश पड़ोसी देश का ‘उपनिवेश’ बन गया था और लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.
अहमद ने कश्मीर विवाद को संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुरूप हल करने की बात भी कही. उनके ताजा बयानों से हसीना के प्रत्यर्पण का मुद्दा भारत-बांग्लादेश संबंधों में एक और संवेदनशील कूटनीतिक विषय बन गया है.
