बांग्लादेश ने भारत से पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया तेज करने की उम्मीद जताई है. बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने कहा कि कानूनी प्रक्रिया के साथ राजनीतिक इच्छा भी जरूरी है.
मीडिया ब्रीफिंग में उनसे पूछा गया था कि क्या दोनों देशों के बीच लागू प्रत्यर्पण संधि के तहत हसीना को वापस लाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि आरोपी को संधि के तहत वापस लाया जा सकता है और प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. हालांकि, कुछ कानूनी जानकारों ने सवाल उठाया है कि यह संधि हसीना के मामले में किस हद तक लागू होगी.
भारत ने समयसीमा बताने से किया इनकार
ढाका में एक निजी थिंक टैंक की चर्चा के दौरान भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि हसीना की वापसी के लिए कोई समयसीमा नहीं बताई जा सकती. उनके मुताबिक, भारत सरकार पहले भी कहती रही है कि अनुरोध की जांच तय कानूनी प्रक्रिया के तहत हो रही है और इसमें अदालतों से जुड़े पहलुओं पर विचार किया जा रहा है.
शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को ढाका छोड़ने के बाद से भारत में रह रही हैं. बांग्लादेश में छात्र-नेतृत्व वाले जुलाई आंदोलन के बाद उनकी अवामी लीग सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी. इसके बाद एक विशेष ट्रिब्यूनल ने प्रदर्शनों पर कार्रवाई से जुड़े मामले में उनकी अनुपस्थिति में सुनवाई करते हुए मौत की सजा सुनाई. हसीना और उनके समर्थकों ने इस प्रक्रिया को ‘कंगारू कोर्ट’ बताया है.
मुहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार ने भारत को कूटनीतिक नोट भेजकर प्रत्यर्पण का अनुरोध किया था. बाद में चुनाव के बाद सत्ता में आई तारिक रहमान की बीएनपी सरकार ने भी यह मांग दोहराई. यह मुद्दा दोनों देशों के संबंधों में तनाव का प्रमुख कारण बना हुआ है.
