बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं होने के फैसले को ‘अपरिपक्व’ बताया है. उन्होंने सवाल उठाया कि उनके भारत में रहने की वजह से तारिक रहमान भारत क्यों नहीं आ सकते, जबकि उनके पिता और बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान ने ऐसे समय दिल्ली की यात्रा की थी जब हसीना खुद भारत में रह रही थीं.
हसीना ने यह टिप्पणी एक विशेष साक्षात्कार में लिखित सवालों के जवाब देते हुए की. उन्होंने कहा कि जियाउर रहमान 1979 में दिल्ली आए थे, जबकि वह अपने पिता शेख मुजीबुर रहमान और परिवार के कई सदस्यों की 1975 में हुई हत्या के बाद भारत में रह रही थीं. हसीना के अनुसार, जियाउर रहमान 1980 में लंदन भी गए थे, जबकि उस समय वह खुद लंदन में थीं.
हसीना ने तर्क दिया कि व्यक्तिगत या राजनीतिक मतभेदों को बांग्लादेश की कूटनीतिक भागीदारी में बाधा नहीं बनना चाहिए. उन्होंने कहा कि नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स कार्यक्रम से दूर रहना दुर्भाग्यपूर्ण था और इससे बांग्लादेश के राष्ट्रीय हितों की सेवा नहीं हुई. उनके मुताबिक, ऐसे मंचों से अनुपस्थित रहने पर आर्थिक सहयोग के अवसर भी प्रभावित हो सकते हैं.
ब्रिक्स निमंत्रण को लेकर अलग-अलग दावे
भारत ने तारिक रहमान को ब्रिक्स के आउटरीच सत्र में शामिल होने का निमंत्रण दिया था. निमंत्रण में उन्हें BIMSTEC के अध्यक्ष के रूप में आमंत्रित किए जाने की बात सामने आई थी. बांग्लादेश ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि निमंत्रण देश के प्रधानमंत्री के तौर पर नहीं, बल्कि क्षेत्रीय संगठन के अध्यक्ष के तौर पर दिया गया था.
बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने सितंबर में कहा था कि प्रधानमंत्री को अलग से आमंत्रित नहीं किया गया. भारत का पक्ष रहा कि रहमान को ब्रिक्स आउटरीच सत्र के साथ द्विपक्षीय यात्रा के लिए भी आमंत्रित किया गया था. इसके बावजूद बांग्लादेश ने 12-13 सितंबर को हुए शिखर सम्मेलन में सरकारी प्रतिनिधिमंडल नहीं भेजा.
BIMSTEC बैठक से भी दूरी
13 अक्टूबर को नई दिल्ली में हुई BIMSTEC की पहली गृह मंत्रियों की बैठक में बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद भी शामिल नहीं हुए. उनकी जगह गृह मंत्रालय के वरिष्ठ सचिव मंजूर मोर्शेद चौधरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल भेजा गया. बैठक में आतंकवाद-रोधी सहयोग, सीमा-पार अपराध, खुफिया जानकारी साझा करने और मानव तस्करी जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई.
भारत और बांग्लादेश के संबंध अगस्त 2024 में हसीना सरकार के पतन और उनके नई दिल्ली आने के बाद तनावपूर्ण हुए हैं. बांग्लादेश ने हसीना के प्रत्यर्पण की मांग की है, जबकि हसीना ने अपने खिलाफ चल रही आपराधिक कार्यवाही को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है. बांग्लादेशी अधिकारियों ने पहले कहा था कि हसीना की भारत में मौजूदगी और उनके सार्वजनिक बयानों के कारण तारिक रहमान की भारत यात्रा के लिए अनुकूल माहौल नहीं बना है.
हसीना ने इसके विपरीत कहा कि द्विपक्षीय संबंधों को उनके निर्वासन से जुड़ी राजनीति का बंधक नहीं बनाया जाना चाहिए और बांग्लादेश की विदेश नीति का आधार राष्ट्रीय हित होना चाहिए.
