नेपाल के डोल्पा जिले में शेय-फोक्सुंडो नेशनल पार्क क्षेत्र के पास छह भारतीय पर्यटक भारी बर्फबारी के बीच फंस गए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, समूह में दो महिलाएं शामिल हैं और शनिवार से उनसे संपर्क नहीं हो पाया है.

पर्यटक डोल्पो बुद्ध ग्रामीण नगरपालिका के धो क्षेत्र से फोक्सुंडो झील की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान ऊंचाई वाले इलाके में बर्फबारी तेज हो गई और उनका रास्ता बाधित हो गया. शेय-फोक्सुंडो झील नेपाल की सबसे गहरी झील मानी जाती है.

नेपाली सेना का हेलिकॉप्टर भेजने की तैयारी

स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बलों ने समूह की तलाश और बचाव के लिए अभियान शुरू किया है. नेपाली सेना का हेलिकॉप्टर डानिगाड़ क्षेत्र में भेजे जाने की तैयारी है, ताकि पर्यटकों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित निकाला जा सके. खराब मौसम और दुर्गम पहाड़ी भूभाग के कारण अभियान में चुनौतियां बनी हुई हैं.

अधिकारियों ने कहा कि पर्यटकों ने सुरक्षा कर्मियों और उनके साथ मौजूद नेपाली गाइड की चेतावनी के बावजूद झील की ओर आगे बढ़ना जारी रखा था. उपलब्ध जानकारी में पर्यटकों की मौजूदा स्थिति और उन्हें सुरक्षित निकाले जाने की अंतिम पुष्टि नहीं हुई है.