स्पेन की संसद में आवास संकट से निपटने के लिए सोशलिस्ट नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार की ओर से लाए गए आपात उपायों को विपक्षी दलों ने खारिज कर दिया. पीपल्स पार्टी, दक्षिणपंथी वॉक्स और कैटेलोनिया की स्वतंत्रतावादी पार्टी जुंट्स ने प्रस्तावों के खिलाफ मतदान किया. इन उपायों में वर्ष 2030 तक बेदखली पर रोक और अस्थायी तथा कमरों के किराये को नियंत्रित करने के प्रावधान शामिल थे.

मैड्रिड में संसद के बाहर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने गिद्धों की तस्वीरों वाले हाथ से बनाए पोस्टर दिखाए. प्रस्तावों के खारिज होने की खबर पर प्रदर्शनकारियों ने हूटिंग की और ‘आपका मुनाफा, हमारी बदहाली’ जैसे नारे लगाए. किरायेदार संगठनों ने कहा कि संसद जनता की स्थिति से कट गई है और आंदोलन जारी रहेगा.

पीपल्स पार्टी के सांसद जुआन ब्रावो ने कहा कि संकट का समाधान नियमन से नहीं, बल्कि अधिक घर बनाने से होगा. पार्टी का तर्क है कि आवास की आपूर्ति बढ़ाना कीमतें कम करने का बेहतर तरीका है. प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने मतदान से पहले कहा था कि सांसदों को सामाजिक बहुमत या सट्टेबाजों में से किसी एक का साथ चुनना होगा.

आवास संकट पर गुस्सा पिछले महीने 87 वर्षीय मारिकार्मेन अबास्कल को उनके 70 साल पुराने घर से निकाले जाने के बाद और बढ़ गया. व्हीलचेयर का इस्तेमाल करने वाली अबास्कल ने कहा कि जिस निवेश फंड ने उनका अपार्टमेंट खरीदा था, उसकी ओर से मांगे गए किराये में 230 फीसदी बढ़ोतरी वह वहन नहीं कर सकती थीं. बाद में निवेश फर्म ने ऐसा समझौता होने की बात कही, जिससे वह घर लौट सकें और किराया पहले के स्तर के करीब आ सके.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्पेन में एक दशक में किराये 80 फीसदी और घरों की कीमतें 63 फीसदी बढ़ी हैं. स्पेन की यूथ काउंसिल के मुताबिक औसत मासिक किराया 1,176 यूरो तक पहुंच गया है, जो 30 वर्ष से कम उम्र के लोगों के औसत वेतन का 98.7 फीसदी है.

मैड्रिड के पुएर्ता डेल सोल में प्रदर्शनकारियों का शिविर एक सप्ताह में 10 टेंट से बढ़कर 1,500 से अधिक टेंट का हो गया. प्रदर्शनकारियों ने वहां चिकित्सा केंद्र और सह-कार्य स्थल भी बनाए हैं. किरायेदार संगठनों ने इस सप्ताहांत देशभर में प्रदर्शन और आगे आम हड़ताल का आह्वान किया है.