सऊदी अरब में रह रहे श्रीलंकाई नागरिक सिवरासा अनोजन को कथित तौर पर मौत की सजा दिए जाने की खबर के बाद श्रीलंका में कूटनीतिक हस्तक्षेप की मांग तेज हो गई है. विपक्षी सांसद मनो गणेशन ने राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायके से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद मांगने का आग्रह किया है.

गणेशन ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मोदी के सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ संबंधों का इस्तेमाल मानवीय समाधान तलाशने के लिए किया जा सकता है. उन्होंने राष्ट्रपति से इस मामले को मोदी के समक्ष तत्काल उठाने की अपील की.

अनोजन पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये एक धर्म के अपमान का आरोप है. उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, उन्हें पहले पांच साल की जेल और 30 लाख सऊदी रियाल का जुर्माना सुनाया गया था. बाद में अपील के दौरान सजा बढ़ाकर मौत की सजा किए जाने की जानकारी उनके वकील ने श्रीलंकाई दूतावास को मौखिक रूप से दी.

हालांकि, श्रीलंका के विदेश मंत्रालय ने अभी इस सजा की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. रियाद स्थित दूतावास लिखित न्यायिक फैसले की प्रतीक्षा कर रहा है. बताया गया है कि फैसले के खिलाफ सऊदी सुप्रीम कोर्ट में एक महीने के भीतर अपील का विकल्प मौजूद है. श्रीलंकाई अधिकारी परिवार और वकील के संपर्क में हैं.