पूर्व अमेरिकी उप विदेश मंत्री स्टोब टैलबॉट का 26 नवंबर 2026 को निधन हो गया. भारत-अमेरिका संबंधों के इतिहास में उनकी भूमिका खास तौर पर 1998 के परमाणु संकट के बाद शुरू हुए संवाद से जुड़ी रही.
मई 1998 में भारत के पोखरण परमाणु परीक्षणों के बाद अमेरिका ने प्रतिबंध लगाए और भारत से परमाणु अप्रसार से जुड़े कई कदम उठाने की मांग की. इसी दौरान तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने टैलबॉट को भारत के साथ उच्चस्तरीय बातचीत का जिम्मा दिया. भारत की ओर से तत्कालीन विदेश मंत्री जसवंत सिंह उनके प्रमुख वार्ताकार थे.
जून 1998 से सितंबर 2000 के बीच दोनों नेताओं के बीच 14 दौर की बातचीत हुई. चर्चा में परमाणु परीक्षण रोकना, विखंडनीय सामग्री का उत्पादन सीमित करना, मिसाइल कार्यक्रम में संयम और परमाणु निर्यात नियंत्रण जैसे मुद्दे शामिल थे.
इन वार्ताओं से अमेरिका की सभी मांगें पूरी नहीं हुईं, लेकिन संवाद का रास्ता खुला रहा. 1999 के कारगिल संघर्ष के दौरान अमेरिकी रुख और उसके बाद मार्च 2000 में राष्ट्रपति क्लिंटन की भारत यात्रा ने रिश्तों में व्यापक सुधार का संकेत दिया. टैलबॉट की कूटनीति ने भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चले आ रहे अविश्वास को कम करने की आधारभूमि तैयार की.
