कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित सरे में वॉलमार्ट की पार्किंग में हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई. जांच एजेंसी इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम ने मृतकों की पहचान 23 वर्षीय गगनप्रीत ‘गैरी’ रेहल और 24 वर्षीय सुखजीत कौर के रूप में की है. दोनों डेल्टा के निवासी थे.
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर की रात करीब 10:38 बजे सरे के 88 एवेन्यू और 124 स्ट्रीट के पास पार्किंग क्षेत्र में गोली चलने की सूचना मिली. मौके पर एक पुरुष और एक महिला गोली लगने से घायल मिले. प्राथमिक सहायता के बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई.
जली हुई कार की भी जांच
गोलीबारी के करीब 13 मिनट बाद प्रिंसेस ड्राइव के 9700 ब्लॉक में एक वाहन में आग लगने की सूचना मिली. जांचकर्ताओं को वहां से एक जली हुई चार-दरवाजे वाली सेडान मिली, जिसे वारदात से जुड़ा माना जा रहा है. पुलिस वाहन से निकलकर भागे लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है.
जांच एजेंसी का कहना है कि यह हमला लक्षित प्रतीत होता है और इसमें संगठित अपराध के संकेत मिले हैं. हालांकि, हमले का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हुआ है और किसी गिरोह से संबंध की पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस ने 15 नवंबर को रात 10 बजे से 11 बजे के बीच घटनास्थलों के आसपास मौजूद लोगों से डैशकैम या अन्य वीडियो उपलब्ध कराने की अपील की है.
