अमेरिका के टेक्सास में रघुल आनंदकृष्णन को आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (ICE) ने हिरासत में लिया है. यह कार्रवाई ‘अटेम्प्टेड इनवेसिव विजुअल रिकॉर्डिंग’ के मामले में उनकी दोषसिद्धि और काउंटी जेल की सजा पूरी होने के बाद हुई. ICE के अनुसार, आव्रजन अदालत की कार्यवाही लंबित रहने तक वह हिरासत में रहेंगे.

मामला 7 जून का है, जब ऑस्टिन के कैपिटल प्लाजा स्थित Total Wireless स्टोर में एक ग्राहक अपने iPhone की नेटवर्क सेटिंग बदलवाने पहुंची थी. अदालत के हलफनामे के अनुसार, स्टोर कर्मचारी आनंदकृष्णन ने फोन का पासकोड लेने के बाद उसकी फोटो गैलरी खोली और दो निजी तस्वीरें AirDrop के जरिए अपने डिवाइस पर भेजने की कोशिश की.

पुलिस को दिए बयान में आनंदकृष्णन ने कहा था कि ट्रांसफर पूरा नहीं हुआ. हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि उन्हें केवल नेटवर्क सेटिंग्स तक पहुंच की अनुमति थी, तस्वीरों या अन्य निजी जानकारी तक नहीं.

महिला ने आरोप लगाया था कि फोन वापस मिलने के बाद उसे दो निजी तस्वीरें AirDrop से भेजे जाने का पता चला. उसने यह भी कहा कि उसके Snapchat खाते तक बिना अनुमति पहुंच बनाई गई. शुरुआत में उन पर इनवेसिव विजुअल रिकॉर्डिंग और कंप्यूटर सिक्योरिटी ब्रीच के आरोप लगे थे. आव्रजन अधिकारियों ने उनकी कानूनी स्थिति, हिरासत स्थान या अगली सुनवाई की तारीख सार्वजनिक नहीं की है.