अल्बानिया की राजधानी तिराना में शिक्षा की बढ़ती लागत और भ्रष्टाचार के आरोपों के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया. प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्रालय की इमारत और दो बैंकों में आग लगा दी, जबकि पुलिस पर पत्थर फेंके गए. अधिकारियों के अनुसार, 23 पुलिसकर्मियों और छह अन्य लोगों का इलाज चल रहा है. पुलिस ने 35 लोगों को हिरासत में लिया है.

प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार और आंसू गैस का इस्तेमाल किया. झड़पों के दौरान कूड़ेदान पलट दिए गए और स्थानीय दुकानों के शीशे तोड़े गए. शिक्षा मंत्रालय के पास स्थित राइफाइजन बैंक की एक शाखा में भी आग लग गई.

छात्र आयोजकों ने कहा कि उनका आंदोलन विश्वविद्यालयों की स्थिति, उच्च शिक्षा की लागत, आर्थिक सहायता की कमी और पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार की संभावनाओं को लेकर है. प्रदर्शन अल्बानिया के एल्बासन और श्कोदेर के विश्वविद्यालयों तक फैलने की भी मीडिया रिपोर्ट्स सामने आई हैं.

यह प्रधानमंत्री एडी रामा के खिलाफ गर्मियों में हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के बाद अब तक की सबसे हिंसक घटना बताई जा रही है. रामा ने मई 2025 में चौथी बार पद संभाला था. उनके कार्यकाल में वरिष्ठ अधिकारियों से जुड़े कथित भ्रष्टाचार को लेकर असंतोष बढ़ा है. प्रदर्शनकारी दक्षिणी तट पर प्रस्तावित लग्जरी रिसॉर्ट को लेकर भी पहले विरोध कर चुके हैं.

राष्ट्रपति बजराम बेगाज ने हिंसा की निंदा करते हुए शांति की अपील की. उपप्रधानमंत्री अल्बाना कोचियू ने कहा कि विरोध करना वैध अधिकार है, लेकिन इसे हिंसा और तोड़फोड़ का बहाना नहीं बनाया जा सकता. पुलिस ने संपत्ति जलाने या अधिकारियों पर हमला करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है.

यूरोपीय संघ के तिराना प्रतिनिधिमंडल ने प्रदर्शन में हिंसा बढ़ने पर चिंता जताई. उसने पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों और पत्रकारों के खिलाफ अत्यधिक बल इस्तेमाल किए जाने के आरोपों की शीघ्र जांच और सभी पक्षों से तनाव कम करने की अपील की.