अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दो वरिष्ठ राजनीतिक सलाहकारों क्रिस ला सिविटा और जेम्स ब्लेयर से सार्वजनिक रूप से दूरी बनाई है. यह प्रतिक्रिया उन रिपोर्टों के बाद आई है, जिनमें कहा गया कि दोनों ने सप्ताहांत में बाल्कन क्षेत्र की रूस समर्थक मानी जाने वाली सरकार के लिए काम किया.

ट्रंप ने Truth Social पर कहा कि ला सिविटा और ब्लेयर उनके लिए केवल बाहरी सलाहकार के रूप में काम करते हैं. उन्होंने लिखा कि दोनों अन्य लोगों या संस्थाओं के लिए भी काम कर सकते हैं, लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं है कि वे और किनके लिए काम करते हैं. ट्रंप ने कहा कि वह दोनों से इस बारे में पूछेंगे और हितों का टकराव पाए जाने पर उन्हें तुरंत हटा देंगे.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों सलाहकार बोस्निया-हर्जेगोविना की स्वायत्त इकाई रिपब्लिका स्र्प्स्का में चुनाव से पहले वहां की सरकार की सहायता करने पहुंचे थे. रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि दोनों को इस काम के लिए कई लाख डॉलर का भुगतान किया गया.

ला सिविटा और ब्लेयर ट्रंप समर्थित Super PAC Maga Inc से भी जुड़े हैं, जो नवंबर में होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन उम्मीदवारों की मदद कर रहा है. Maga Inc के एक प्रवक्ता ने बताया कि विदेश यात्रा के दौरान भी दोनों ने शनिवार सुबह चुनावी टीम के प्रमुखों के साथ सर्वेक्षण आंकड़ों पर चर्चा की.

ला सिविटा 2024 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान में ट्रंप के सह-प्रबंधक थे. ब्लेयर 2024 अभियान में राजनीतिक निदेशक रहे और बाद में व्हाइट हाउस में उप प्रमुख-स्टाफ बने. अप्रैल में ट्रंप ने कहा था कि ब्लेयर मध्यावधि चुनाव तक Maga Inc के साथ काम करेंगे और उसके बाद व्हाइट हाउस लौटेंगे.

अगस्त के अंत में Maga Inc के पास 41.5 करोड़ डॉलर से अधिक नकदी होने की जानकारी दी गई थी.