अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का BBC के खिलाफ 10 अरब डॉलर का मानहानि मुकदमा आगे बढ़ेगा. फ्लोरिडा की संघीय अदालत के जज जेफ्री टी. कुंत्ज ने मंगलवार को ब्रिटिश प्रसारक की मुकदमा खारिज करने की मांग को आंशिक रूप से अस्वीकार कर दिया.

मामला BBC के ‘Panorama’ डॉक्यूमेंट्री कार्यक्रम ‘Trump: A Second Chance’ में ट्रंप के भाषण के अलग-अलग हिस्सों को जोड़कर प्रसारित किए जाने से जुड़ा है. ट्रंप का आरोप है कि 6 जनवरी को अमेरिकी कैपिटल हिंसा से पहले दिए गए उनके बयानों को इस तरह संपादित किया गया कि उनका अर्थ बदल गया और उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा. BBC इस संपादन के लिए माफी मांग चुका है.

जज ने कहा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों को सही मानकर देखा जाए तो ट्रंप ने संभावित नुकसान का पर्याप्त आधार बताया है. अदालत के अनुसार, जिन दो टिप्पणियों को जोड़ा गया, उनके बीच लगभग 55 मिनट का अंतर था. आदेश में कहा गया कि यह मामला सामान्य संपादन से आगे जाकर ऐसा अंश तैयार करने का आरोप लगाता है, जो मूल भाषण में कही गई बात से अलग था.

अदालत ने यह भी माना कि ट्रंप ने BBC की कथित ‘वास्तविक दुर्भावना’ का प्रथमदृष्टया आधार पेश किया है. हालांकि, मुकदमे की सुनवाई में ट्रंप को वास्तव में यह साबित करना होगा कि BBC ने जानबूझकर या लापरवाहीपूर्ण तरीके से गलत प्रस्तुति की और इससे उन्हें वास्तविक नुकसान हुआ.

जज ने ट्रंप का फ्लोरिडा के Deceptive and Unfair Trade Practices Act के तहत दावा खारिज कर दिया. अदालत ने यह भी कहा कि प्रसारण फ्लोरिडा में नहीं हुआ था, इसलिए वास्तविक नुकसान साबित करने की जिम्मेदारी ट्रंप पर होगी. BBC ने फैसले पर आश्चर्य जताते हुए कहा कि वह कानूनी प्रक्रिया में अपनी स्थिति रखेगा. दिसंबर में ट्रंप को BBC के वकीलों के समक्ष बयान भी देना है.