अमेरिका की एक संघीय अदालत ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को BBC के खिलाफ दायर मानहानि मुकदमे में 11 दिसंबर 2026 तक बयान दर्ज कराने का निर्देश दिया है. अमेरिकी मजिस्ट्रेट जज एनजोलिके लेट का यह आदेश BBC के वकीलों की उस शिकायत के बाद आया, जिसमें कहा गया था कि ट्रंप अपनी deposition लगातार टाल रहे हैं.
BBC के वकील चार्ल्स टोबिन ने अदालत में कहा कि discovery प्रक्रिया पूरी होने में करीब दो महीने बचे हैं, लेकिन अब तक वादी ट्रंप से पूछताछ नहीं हो सकी है. अदालत ने चेतावनी दी है कि आदेश का पालन नहीं होने पर ट्रंप के खिलाफ प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं, जिनमें उनका मुकदमा खारिज करना भी शामिल हो सकता है.
यह मुकदमा BBC के एक documentary कार्यक्रम में ट्रंप के 6 जनवरी 2021 के भाषण के अलग-अलग हिस्सों को जोड़कर प्रसारित किए गए संपादन से जुड़ा है. ट्रंप का आरोप है कि इस संपादन ने उनके बयान का भ्रामक अर्थ प्रस्तुत किया. BBC ने संपादन पर खेद जताया है, लेकिन मानहानि के दावे के कानूनी आधार से असहमति जताई है.
