अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और ब्राजील के चुनावों को लेकर भ्रमित करने वाला दावा किया है. उन्होंने कहा कि भारत के राष्ट्रपति चुनाव के पहले चरण में 125 मिलियन यानी करीब 12.5 करोड़ लोगों ने मतदान किया और मतदान खत्म होने के कुछ ही समय बाद नतीजे भी आ गए.
ट्रंप ने यह टिप्पणी अमेरिकी चुनाव व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए Truth Social पर की. उन्होंने डेट्रॉयट, फिलाडेल्फिया, कैलिफोर्निया और अमेरिका के कई अन्य शहरों व राज्यों में चुनावी नतीजे आने में लगने वाले समय का हवाला दिया. पोस्ट में उन्होंने अमेरिकी मतदान व्यवस्था को ‘भ्रष्ट’ बताया और नतीजों की गणना में देरी पर सवाल उठाया.
हालांकि, भारत में रविवार को कोई राष्ट्रपति चुनाव नहीं हुआ था. भारत के राष्ट्रपति का चुनाव सीधे देशभर के मतदाताओं से नहीं, बल्कि निर्वाचक मंडल के जरिए अप्रत्यक्ष रूप से होता है.
ब्राजील के चुनाव से जुड़ा आंकड़ा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप की पोस्ट संभवतः ब्राजील में हुए राष्ट्रपति चुनाव के पहले चरण से जुड़ी थी. ब्राजील में मौजूदा राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा और दक्षिणपंथी उम्मीदवार फ्लावियो बोल्सोनारो दूसरे दौर में पहुंच गए.
99.99 प्रतिशत मतों की गिनती तक फ्लावियो बोल्सोनारो को 47.03 प्रतिशत और लूला को 45.16 प्रतिशत वैध वोट मिले. दोनों में से कोई भी 50 प्रतिशत का आंकड़ा पार नहीं कर सका, इसलिए 25 अक्टूबर को रनऑफ चुनाव होना तय हुआ.
ब्राजील के सुपीरियर इलेक्टोरल कोर्ट के आंकड़ों के अनुसार, वहां करीब 125.27 मिलियन वैध वोट पड़े थे. यह आंकड़ा ट्रंप के बताए 125 मिलियन वोट के करीब है. ब्राजील में इलेक्ट्रॉनिक मतदान व्यवस्था लंबे समय से लागू है और चुनाव अधिकारियों के मुताबिक पहले चरण में मतदान सुचारु और सुरक्षित तरीके से हुआ.
ट्रंप की पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने भारत की चुनाव प्रक्रिया और उनके दावे की तथ्यात्मक गलतियों की ओर ध्यान दिलाया.
