अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से डीजल आयात की अनुमति देने के अपने फैसले का बचाव किया है. ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उन्होंने “अमेरिकी जनता के लिए सही फैसला” लिया है और इसे “अमेरिका फर्स्ट” नीति से जोड़ा.
ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई बातचीत के बाद रूस से अमेरिकी और वैश्विक बाजार के लिए डीजल भेजने की योजना सामने आई थी. रिपोर्टों के अनुसार, शुरुआती चरण में 3 लाख टन से अधिक डीजल भेजने, नवंबर में 5 लाख टन और उसके बाद 10 लाख टन की अतिरिक्त आपूर्ति का दावा किया गया है.
इस फैसले पर अमेरिकी सांसदों ने दलगत सीमाओं से हटकर आपत्ति जताई है. कुछ सांसदों ने कहा कि रूस से ऊर्जा खरीद की अनुमति यूक्रेन के खिलाफ युद्ध को लेकर मॉस्को पर लगाए गए प्रतिबंधों की भावना के विपरीत हो सकती है और समझौते को वापस लेने की मांग की.
ट्रंप ने यूरोपीय संघ पर रूस से ऊर्जा खरीदने का आरोप लगाते हुए करीब 250 अरब डॉलर का आंकड़ा भी पेश किया, हालांकि उन्होंने इसकी समयावधि स्पष्ट नहीं की. यूक्रेन और यूरोप में आलोचकों का कहना है कि इस समझौते से रूस को आर्थिक लाभ मिल सकता है.
