अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन को अमेरिकी हथियार बेचने की पेशकश से जुड़े अपने ही राजदूत के दावे से इनकार किया है. चीन में अमेरिका के राजदूत डेविड पर्ड्यू ने कहा था कि ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से पूछा था कि क्या चीन अमेरिका से हथियार खरीदना चाहेगा.
पत्रकारों के सवाल पर ट्रंप ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी बातचीत की जानकारी नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मामले पर पर्ड्यू से बात करेंगे. हालांकि, बाद में ट्रंप ने कहा कि चीन अमेरिकी हथियार खरीदना चाहेगा, क्योंकि उनके अनुसार अमेरिका के हथियार बेहतर हैं.
विदेश विभाग ने क्या कहा
ट्रंप के बयानों के बाद अमेरिकी विदेश विभाग ने स्पष्ट किया कि अमेरिकी कानून चीन को हथियार बेचने की अनुमति नहीं देता. विभाग के अनुसार, चीन को हथियार बेचने का न तो कोई प्रस्ताव है और न ही ऐसी कोई योजना. इससे राजदूत के दावे और प्रशासन के आधिकारिक रुख के बीच अंतर सामने आया है.
पर्ड्यू ने रविवार को फॉक्स न्यूज के एक कार्यक्रम में यह दावा किया था. उन्होंने बातचीत की तारीख या अवसर के बारे में जानकारी नहीं दी थी. वह ताइवान को अमेरिकी हथियारों की बिक्री से जुड़े सवालों का जवाब दे रहे थे और कहा था कि ट्रंप ताइवान को हथियार देने के पक्ष में हैं तथा इस मुद्दे पर शी जिनपिंग से बातचीत करते रहते हैं.
चीन लंबे समय से अमेरिका से ताइवान को हथियारों की बिक्री रोकने की मांग करता रहा है. चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने इस दावे की पुष्टि नहीं की. उन्होंने कहा कि चीन अपनी जरूरतों के अनुसार रक्षा क्षमता बढ़ाता है और विश्व शांति तथा स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है.
विश्लेषकों के अनुसार, यदि चीन को अमेरिकी हथियार बेचने की पेशकश हुई होती, तो यह अमेरिकी नीति में बड़ा बदलाव माना जाता. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अमेरिका ने आखिरी बार 1980 के दशक में चीन को हथियार बेचे थे.
