अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में दीया जलाकर दिवाली मनाई. इस अवसर पर आयोजित विशेष समारोह में भारतीय-अमेरिकी समुदाय से जुड़े अधिकारी, कारोबारी और प्रमुख कंपनियों के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे.

कार्यक्रम में अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा, विदेश मंत्री मार्को रुबियो, सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन के डिप्टी कमिश्नर अर्जुन मोदी, शेफ विकास खन्ना, GOQii टेक्नोलॉजीज के संस्थापक और सीईओ विशाल गोंडल तथा IBM के सीईओ अरविंद कृष्णा शामिल हुए. FBI निदेशक काश पटेल और अमेरिकी नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के निदेशक जय भट्टाचार्य भी समारोह का हिस्सा बने.

ट्रंप को भेंट की गई हनुमान चालीसा

विशाल गोंडल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर समारोह की तस्वीरें साझा कीं और बताया कि उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप को हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट की. अपनी पोस्ट में गोंडल ने इसे ओवल ऑफिस में रोशनी साझा करने का ऐतिहासिक अवसर बताया. उन्होंने लिखा कि तुलसीदास रचित यह पाठ लाखों लोग साहस, भक्ति और शक्ति के लिए पढ़ते हैं.

गोंडल ने यह भी कहा कि दीये जलाए जाने के दौरान उनकी प्रार्थना भारत और अमेरिका के बीच मित्रता, अंधकार पर प्रकाश की जीत, शांति, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए थी.

समारोह में माइक्रोन टेक्नोलॉजी के संजय मेहरोत्रा, ढाला ग्रुप ऑफ कंपनीज की अध्यक्ष और सीईओ रूबी ढाला, नैक सिस्टम्स के संस्थापक राजीव शर्मा, शवम डीसी के अध्यक्ष विश्वजीत मल्लामपति, राष्ट्रपति के अतिथि हेतलकुमार पटेल और व्हाइट हाउस इवेंट्स अशर अरविंद चड्ढा भी उपस्थित रहे.

2003 में शुरू हुई थी परंपरा

व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की परंपरा 2003 में तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश के कार्यकाल में शुरू हुई थी. शुरुआती वर्षों में कार्यक्रम आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग में भारतीय-अमेरिकी समुदाय और भारतीय राजनयिकों की मौजूदगी में आयोजित किया जाता था.

2009 में राष्ट्रपति बराक ओबामा व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में आयोजित समारोह के दौरान स्वयं दीया जलाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बने. इसके बाद ओवल ऑफिस और रूजवेल्ट रूम समेत व्हाइट हाउस के अलग-अलग हिस्सों में यह परंपरा जारी रही.