अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्याय विभाग की नई एंटी-फ्रॉड व्हिसलब्लोअर योजना की घोषणा के दौरान कहा कि वह इनाम के दावों से जुड़े विवादों में ‘मध्यस्थ’ की भूमिका निभा सकते हैं. इस योजना के तहत ऐसी सूचना देने वालों को आर्थिक पुरस्कार मिल सकता है, जिससे किसी आपराधिक मामले में आरोप तय हों या बड़ी संघीय कार्रवाई शुरू हो.

ट्रंप ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा कि कई बार एक ही कथित धोखाधड़ी की सूचना देने का श्रेय अलग-अलग लोग लेते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में वह तय करेंगे कि कौन इनाम का हकदार है और रकम किस तरह बांटी जाएगी. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रंप की टिप्पणी औपचारिक भूमिका की घोषणा थी या नहीं.

न्याय विभाग की वेबसाइट के अनुसार, पुरस्कार जारी करने और योजना के तहत अधिकारों का इस्तेमाल करने का ‘पूर्ण विवेकाधिकार’ विभाग के पास है. कार्यक्रम में आपराधिक मामले के आरोप तय किए जाने के चरण में दी गई सूचना के लिए अधिकतम 30,000 डॉलर तक के इनाम का प्रावधान बताया गया है.

यह योजना मौजूदा False Claims Act से अलग है. इस कानून के तहत सरकार द्वारा किसी मुकदमे में हस्तक्षेप कर कार्रवाई आगे बढ़ाने पर व्हिसलब्लोअर को वित्तीय दंड की 15 से 25 फीसदी रकम मिल सकती है. वेंस ने कहा कि नई योजना सरकारी धोखाधड़ी के उन मामलों को भी कवर करने के लिए बनाई गई है, जो इस कानून के दायरे में नहीं आते.

घोषणा के दौरान ट्रंप ने संकेत दिया कि सूचना देने वालों को सामने आई धोखाधड़ी की रकम का 1 फीसदी मिल सकता है और वे बड़ी रकम कमा सकते हैं. लेकिन न्याय विभाग की वेबसाइट पर पुरस्कार की सीमा 30,000 डॉलर बताई गई है. इस अंतर पर स्थिति स्पष्ट नहीं है. ट्रंप ने पत्रकारों से भी संभावित धोखाधड़ी की जानकारी जुटाकर योजना में भाग लेने का आग्रह किया.